तमाम कवायदों के बावजूद सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान की खरीदारी नहीं होने से परेशान किसानों का सब्र गुरुवार को जवाब दे गया।
लंबे समय से सरकारी दर पर धान की खरीद शुरु होने का इंतजार कर रहे किसानों का आक्रोश खेत में ही फूट पड़ा। जब उन्होंने विरोध के तौर पर धान की फसल जलाकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना है कि सरकार के तमाम दावे के बावजूद पैक्स के माध्यम से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान की खरीद शुरू नहीं की गई है जिससे मजबूर होकर अपनी गाढ़ी मेहनत से उगाई गई फसल कौडी के मोल बेचने के लिए बाध्य होना पड़ रहा है।
आक्रोशित किसानों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अगले दस दिनों के भीतर धान की खरीद नहीं हुई तो वे सड़क पर धान रखकर उसे जलाएंगे और उसी पर खुद भी बैठ जाएंगे।
किसानों की इस चेतावनी ने प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की चिंता बढ़ा दी है। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने पैक्स अध्यक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उन पर जानबूझकर धान खरीद में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
सभी आक्रोशित किसान भोजपुर जिले के पीरो प्रखंड अंतर्गत नारायणपुर पंचायत के वैसाडीह गांव के थे। गांव के 87 वर्षीय बुजुर्ग किसान राधा मोहन उपाध्याय ने बताया कि 8000 क्विंटल धान की पैदावार हुई है। जो खुले आसमान के नीचे पड़ा हुआ है। यहां पैक्स अध्यक्ष द्वारा धान की खरीद नहीं हो रही है।
उप मुखिया निशांत कुमार उपाध्याय ने कहा कि यहां के पैक्स अध्यक्ष धान नहीं ले रहे है। सभी किसानों के खेत से धान काटकर बीस दिनों से खलिहान में रखा हुआ है।
प्रदर्शन में कमलेश उपाध्याय, अरविंद उपाध्याय, देव नारायण उपाध्याय, चितरंजन उपाध्याय, नवीन उपाध्याय, विंकटेश उपाध्याय, चितरंजन उपाध्याय, मनोरंजन उपाध्याय, मनोज सिंह आदि किसान शामिल थे।
For clarifications/queries, please contact Public Talk of India at:
+91-98119 03979 publictalkofindia@gmail.com
![]()
For clarifications/queries,
please contact Public Talk of India at:

